सरायकेला/ Pramod Singh झामुमो के गम्हरिया प्रखंड प्रभारी विजय महतो को हाई कोर्ट से जमानत मिल गई है. वह संभवतः मंगलवार को जेल से बाहर आएंगे. वर्ष 2004 के एक हत्या मामले में उन्हें 4 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. यह गिरफ्तारी न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर की गई थी.

जेल में रहने के दौरान विजय महतो ने जमानत के लिए अदालत का रुख किया था, लेकिन निचली अदालत ने उनकी अर्जी खारिज कर दी थी. इसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट में याचिका दायर की, जहां सुनवाई के बाद उनकी जमानत मंजूर कर ली गई.
झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती ने बताया कि विजय महतो की रिहाई से कार्यकर्ताओं में उत्साह है. विजय महतो पहले बीस सूत्री समिति के प्रखंड अध्यक्ष रह चुके हैं और जिला परिषद का चुनाव भी लड़ चुके हैं. उनकी जमानत के बाद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है.

