सरायकेला/ Pramod Singh भोगनाडीह की घटना को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जिलाध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो के नेतृत्व में गुरुवार को सरायकेला के गैरेज चौक पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन एवं बाबूलाल मरांडी का पुतला दहन किया. इस दौरान झामुमो प्रत्याशी गणेश महाली मौजूद थे.

पुतला दहन से पूर्व कार्यकर्ता चंपाई सोरेन और बाबूलाल मरांडी के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. पुतला दहन के पश्चात जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अपनी गंदी राजनीति के बदौलत भोगनाडीह में आदिवासी मूलवासी को आपस में लड़ाने का काम किया है. वह अपने इस ओछी राजनीति से सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि झामुमो माटी की पार्टी है और भाजपा की राजनीति को अच्छी तरह समझती है. पार्टी भाजपा की राजनीति को झारखंड की माटी पर कभी सफल होने नहीं देगी. कहा कि भाजपा अपने इस प्रकार की राजनीति से आने वाले चुनाव में लाभ उठाने की सोच रही है. लेकिन झारखंड की जनता सब जानती है और आने वाले चुनाव में भाजपा को उसके इस राजनीति का जवाब जरूर देगी.
गणेश महाली ने कहा कि भोगनाडीह में भाजपा और यहां के स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन के द्वारा मंडल मुर्मू को मोहरा बनाकर कार्यक्रम को बाधित करने का प्रयास किया गया. भाजपा ने अपने इस राजनीति से भोगनाडीह जैसे पवित्र स्थल को अपवित्र करने का काम किया है. उन्होंने कहा कि आज चंपाई सोरेन को आदिवासियों की अस्मिता खतरे में नजर आ रही है. राज्य में हर जगह उनको घुसपैठ दिखाई दे रहा है. लेकिन वे पिछले 35 वर्षों से विधायक रहे, कई बार सत्ता पर भी काबिज रहे तब उनको आदिवासियों की याद नहीं आई. गणेश महाली ने कहा कि झारखंड की जनता भाजपा की राजनीति को अच्छी तरह समझ गई है और आने वाले चुनाव में इसका मुंहतोड़ जवाद देगी. मौके पर भोला महांती, शंभू आचार्य, शैलेन्द्र महतो, मांगीलाल महतो, सौरभ साहू, लीटू पटनायक, सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.

