सरायकेला/ Afroz Mallik झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति ने सरायकेला- खरसावां जिला समिति का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों की घोषणा की है. यह निर्णय 18 जुलाई 2025 को भेजे गए प्रस्ताव (पत्रांक JMM/SKL/2025-21) के आधार पर लिया गया. केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार शेख फरीद और शकुंतला महाली को उपाध्यक्ष, घासी राम सोरेन और भुगलु सोरेन को संगठन सचिव, जबकि मंगीलाल महतो और नितेश कुमार वर्मा को प्रवक्ता बनाया गया है.

इसके अलावा 77 जिला सदस्यों की सूची को भी स्वीकृति दी गई है. महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने सभी पदाधिकारियों से ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया. इस घोषणा से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. माना जा रहा है कि यह विस्तार आगामी विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत आधार देगा.

