सरायकेला: शुक्रवार को समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जिले के विभिन्न प्रखंडों, अंचलों और नगर क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी- अपनी समस्याएं रखते हुए आधारभूत सुविधाओं की कमी, योजनाओं के लाभ से वंचित रहने एवं प्रशासनिक अनियमितताओं से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी.

जनता दरबार में चांडिल अंचल कार्यालय से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया, जिसमें क्लर्क और राजस्व कर्मचारी पर भूमि से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया गया. वहीं, ग्राम प्रधानों के सम्मान राशि के नियमित भुगतान, सरायकेला नगर क्षेत्र के हाट- बाजार में शुक्रवार को लगने वाले भीषण जाम, तथा हाउसिंग बोर्ड, आदित्यपुर की भूमि पर अवैध कब्जे जैसी शिकायतें भी दर्ज की गईं. इसके अलावा भूमि विवादों और विभिन्न विभागों से जुड़े कई आवेदनों पर भी नागरिकों ने ध्यान आकर्षित किया.
उपायुक्त ने सभी विभागीय एवं अंचल स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय सत्यापन आवश्यक है, वहां त्वरित निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए, ताकि किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न हो. उन्होंने यह भी जोर दिया कि जनसुविधा और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं के लंबित मामलों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए और पात्र लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
