सरायकेला/ Pramod Singh उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और क्षेत्रों से आए दर्जनों नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए.

मुख्य समस्याएं
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना के लाभ, म्यूटेशन में रकबा सुधार, भूमि नामांतरण समेत अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए. इसके अलावा अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड द्वारा रैयती भूमि के एवज में नौकरी का आश्वासन देकर दस्तावेज लेने के बावजूद रोजगार नहीं देने की शिकायत भी मिली. कुचाई प्रखंड में जर्जर भवन में संचालित पुस्तकालय के लिए वैकल्पिक भवन और पुस्तकों की उपलब्धता की मांग से जुड़ा आवेदन भी दिया गया.
त्वरित समाधान का आश्वासन
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए त्वरित और निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने आमजन की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया.

