सरायकेला/ जमशेदपुर: लगातार हो रहे बारिश की वजह से दोनों जिले में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. जिले से होकर गुजरने वाली सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. स्वर्णरेखा नदी पूर्वी सिंहभूम के मानगो पॉइंट में शाम 6:00 बजे तक की रिपोर्ट के आधार पर खतरे के निशान से 1.90 मीटर और खरकई नदी आदित्यपुर पॉइंट में खतरे के निशान से करीब 4.65 मीटर ऊपर बह रहा है.

उधर उड़ीसा के बैंकबिल डैम के दो फाटक को शाम 7:00 बजे चार- चार मीटर खोल दिया गया है. संभवतः देर रात तक खरकई नदी के जलस्तर में और बढोत्तरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है. इसको लेकर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है. तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर चले जाने का निर्देश दिया गया है. सभी शेल्टर होम और सामुदायिक भवनों में वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. कई कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. प्रशासन ने पानी बढ़ने की स्थिति में बिजली कट होने की बात कही है.
उधर चांडिल डैम के 12 फाटक खोले जाने के बाद स्वर्णरेखा नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी होने की संभावना बढ़ गई है. जिससे जमशेदपुर शहर पर भी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. स्थानीय प्रशासन माइकिंग के जरिये तटीय इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने में जुटी है.

