सरायकेला/ Pramod Singh जिले में जैक रांची द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा छठवें दिन भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. सोमवार को आयोजित परीक्षा में कुल 14,145 परीक्षार्थियों ने भाग लिया, जबकि 106 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे.

जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने बताया कि जिले के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित की गई. छठवें दिन मैट्रिक के छात्रों के लिए विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित हुई. इसमें कुल 11,710 परीक्षार्थियों में से 11,648 उपस्थित रहे, जबकि 62 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए.
वहीं इंटरमीडिएट स्तर पर विज्ञान संकाय के लिए बायोलॉजी, वाणिज्य संकाय के लिए बिजनेस स्टडीज और कला संकाय के लिए सोशियोलॉजी विषय की परीक्षा आयोजित की गई. इसमें कुल 2,541 परीक्षार्थियों में से 2,497 ने परीक्षा दी, जबकि 44 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. डीईओ ने बताया कि छठवें दिन की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई तथा सभी केंद्रों पर प्रशासनिक निगरानी बनी रही.

