सरायकेला/ Rasbihari Mandal राजनगर- गम्हरिया मुख्य मार्ग पर कुसुमबनी गांव के पास एक खराब पड़े छोटा हाथी ऑटो से भारी मात्रा में कच्ची लकड़ियां बरामद होने का मामला सामने आया है. सड़क किनारे खड़े वाहन पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो उसमें बिना वैध दस्तावेज के लकड़ियां लदी मिलीं. वाहन की नंबर प्लेट भी स्पष्ट नहीं थी.

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से रात के समय संदिग्ध वाहनों की आवाजाही होती रहती है, लेकिन नियमित जांच या गश्त नजर नहीं आती है. ऐसे में वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
जानकारों के अनुसार यह इलाका जंगल क्षेत्र से जुड़ा है, जिससे अवैध कटाई और तस्करी की आशंका जताई जा रही है. हालांकि खबर लिखे जाने तक वन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है.
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. अब सबकी नजर वन विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी है.

