कांड्रा/ Bipin Varshney सरायकेला जिले में अवैध बालू परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि ईचागढ़, चौका और कांड्रा मुख्य मार्ग से लगातार बिना तिरपाल ढके, बिना वैध चालान और ओवरलोड बालू लदे वाहन गुजर रहे हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा समय- समय पर अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका प्रभाव नजर नहीं आ रहा है. आरोप है कि दिन- रात नियमों की अनदेखी कर बालू का परिवहन किया जा रहा है, जिससे सड़क सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा है और सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है.
मामले में क्षेत्र की कंपनी नुवोको विस्टास कारपोरेशन लिमिटेड की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंपनी द्वारा बिना वैध चालान के कच्चा मैटेरियल लिया जा रहा है. हालांकि इस संबंध में कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया जाए. अवैध परिवहन में शामिल वाहनों पर कार्रवाई की जाए. साथ ही कंपनियों की खरीद- बिक्री प्रक्रिया की भी जांच की जाए.
इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका. अब देखना होगा कि प्रशासन इन आरोपों को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कदम उठाता है.

