कांड्रा/ Bipin Varshney सरायकेला- खरसावां जिले के कांड्रा क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक ओवरलोड हाइवा वाहन को जब्त किया है. यह कार्रवाई बुधवार सुबह करीब 07:05 बजे कांड्रा मेन रोड पर जांच के दौरान की गई.


जानकारी के अनुसार टाटा सिग्ना हाइवा (वाहन संख्या JH 05EA 0961) को रोककर जांच की गई, जिसमें करीब 900 सीएफटी बालू लदा हुआ पाया गया. जांच के दौरान चालक से वैध चालान और संबंधित दस्तावेज की मांग की गई, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका.
इसके बाद खनन निरीक्षक समीर कुमार ओझा ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर कांड्रा थाना के सुपुर्द कर दिया. मामले में आगे की कार्रवाई खनन विभाग द्वारा की जा रही है.
इधर स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ईचागढ़- कांड्रा मुख्य मार्ग पर लगातार बिना तिरपाल ढके, बिना वैध चालान और ओवरलोड बालू लदे वाहन गुजर रहे हैं. उनका कहना है कि कार्रवाई के बावजूद अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है. स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि Nuvoco Vistas Corporation Limited द्वारा भी बिना वैध चालान के कच्चा मैटेरियल लेने की बात सामने आ रही है, जिससे राजस्व चोरी की आशंका जताई जा रही है. हालांकि इस मामले में कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध बालू परिवहन पर सख्त कार्रवाई के साथ- साथ संबंधित मार्गों पर नियमित जांच अभियान चलाया जाए, ताकि नियमों के उल्लंघन और राजस्व हानि पर रोक लगाई जा सके.

