सरायकेला: उपायुक्त को मिले गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को उत्पाद विभाग ने खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरिभंजा में छापामारी अभियान चलाया. इस कार्रवाई में अवैध शराब कारोबार का खुलासा हुआ है.

छापामारी के दौरान नरेश कुमार मंडल के आवास से कुल 29 कार्टून अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 261 लीटर आंकी गई है. मौके से अवैध शराब कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उत्पाद विभाग द्वारा आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत विधिसम्मत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है.

उत्पाद अधीक्षक, सरायकेला ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए आगे भी नियमित एवं सघन छापामारी अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. इस छापामारी अभियान में अवर निरीक्षक उत्पाद अखिलेश कुमार (प्रहार बल), सहायक अवर निरीक्षक उत्पाद सौदागर पंडित, गृह रक्षक बल के दिनेश सरदार, सरदार हेंब्रम सहित अन्य गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे.

