सरायकेला: समाहरणालय स्थित सभागार में सोमवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में Information, Education, and Communication (IEC) गतिविधियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला निवेदिता नियति, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार और विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

बैठक में दिए गए निर्देश
बैठक में राज्य स्तर से आवंटित IEC मद की राशि के उपयोग की समीक्षा की गई और सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपने- अपने विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं के प्रचार- प्रसार हेतु स्थानीय संदर्भ में उपयुक्त कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करें और उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें. उपायुक्त ने कहा कि प्रचार- प्रसार की गतिविधियां स्थानीय भाषा में होनी चाहिए, ताकि संदेश आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके. उन्होंने कहा कि प्रचार माध्यमों में ऑडियो- विजुअल सामग्री, सेमिनार, शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर- बैनर, और सामुदायिक बैठकें जैसे प्रभावी माध्यमों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र दोनों पर समान रूप से ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सफल होंगी जब उनकी जानकारी अंतिम व्यक्ति तक सरल भाषा में पहुंचे. इसके लिए विभागों को पारंपरिक और डिजिटल दोनों माध्यमों का उपयोग करना चाहिए.

