सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के टांगरानी गांव निवासी आलोक पड़ीहारी 40 ने पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक आईडीबीआई बैंक की सरायकेला शाखा में कर्मचारी के पद पर कार्यरत था. शुक्रवार सुबह वह स्नान करने के बाद अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटा. घर लौटने के बाद उसने नाश्ता किया.

बताया जा रहा है कि नाश्ता करने के बाद परिवार के अन्य सदस्य स्नान के लिए नदी चले गए. इसी दौरान आलोक पड़ीहारी ने घर की छत पर लगे पंखे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली.
परिजन जब वापस लौटे तो उन्हें आलोक पड़ीहारी फंदे से लटका हुआ मिला. परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर सदर अस्पताल, सरायकेला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

