ईचागढ़/ Vikash Thakur सिल्ली- रांगामाटी मुख्य सड़क स्थित मिलन चौक में रविवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक (JH02Y 9546) और मोटरसाइकिल (JH01GB 4587) की आमने- जोरदार टक्कर हुई. जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया.

मृतक की पहचान मोहन महतो (35) ग्राम पेरेटोड़ाग, थाना बाघमुंडी, जिला पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है. वह ईचागढ़ प्रखंड के सालूकडीह गांव में मिस्त्री का काम करने आया हुआ था. हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
ईचागढ़ थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने की कोशिश की. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है. क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर थाने भेज दी गई है.
इधर, दुर्घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया. इससे सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण इस क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं.
पुलिस मौके पर ग्रामीणों को समझाने और जाम हटाने में जुटी है. समाचार लिखे जाने तक शव को घटनास्थल से नहीं हटाया जा सका था और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

