सरायकेला/ Pramod Singh जिला अंतर्गत गृह रक्षा वाहिनी के विज्ञापन सं.–01/2025 के तहत ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के नव नामांकन के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा सह लिखित परीक्षा की तैयारियों का उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. दोनों अधिकारियों ने बिरसा मुंडा स्टेडियम पहुंचकर परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

जानकारी के अनुसार शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा आगामी 17 मार्च से बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित की जाएगी. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने मैदान में चल रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
उन्होंने मैदान परिसर में सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर स्पष्ट सूचना पट्ट और दिशा-निर्देश से संबंधित साइनबोर्ड लगाने के निर्देश दिए. साथ ही अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन और सुविधा के लिए सहायता केंद्र, चिकित्सा केंद्र तथा पंजीकरण केंद्र सहित अन्य आवश्यक स्टॉल स्थापित करने को कहा.
उपायुक्त ने परीक्षा स्थल की साफ- सफाई सुनिश्चित करने और संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुदृढ़ करने का निर्देश दिया. उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि को सुबह 5:00 बजे से परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया अनुशासित और व्यवस्थित ढंग से समय पर पूरी की जा सके.
सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह भी स्पष्ट किया गया कि परीक्षा केंद्र परिसर में केवल अभ्यर्थियों को ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. अभ्यर्थियों के साथ आने वाले परिजनों को निर्धारित स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी.
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, निरीक्षक गृह रक्षा वाहिनी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

