सरायकेला: जिले के जगन्नाथपुर गांव स्थित रंगाटांड चौक पर दिवंगत नीलसेन प्रधान की स्मृति में स्मारक बनाया जाएगा. इस संबंध में रविवार को क्षेत्रीय गौड़ समाज, महालिमोरूप के पदाधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया.

बता दें कि स्वर्गीय नीलसेन प्रधान क्षेत्रीय गौड़ समाज महालिमोरूप एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूजा सह मेला समिति के अध्यक्ष रहे हैं. समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए समिति ने उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने का निर्णय लिया है.
समिति के अध्यक्ष नागेश्वर प्रधान ने कहा कि नीलसेन प्रधान की सेवा, समर्पण और समाज के लिए किए गए कार्य अमूल्य हैं. उनका स्मारक समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होगा. वहीं समिति के सचिव हेमसागर प्रधान ने कहा कि स्व. नीलसेन प्रधान का समाज पर गहरा प्रभाव था, जिसकी कमी को हर कोई महसूस कर रहा है. सलाहकार समिति के कृष्णा कुमार प्रधान ने बताया कि नीलसेन प्रधान का हाल ही में आकस्मिक निधन हुआ है. वे जन्माष्टमी मेला के सूत्रधार थे और उन्होंने समाज को जो योगदान दिए हैं, उन्हें भुलाया नहीं जा सकता. उनकी याद में रंगाटांड चौक पर स्मारक बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी. इस अवसर पर नागेश्वर प्रधान, कृष्णा कुमार प्रधान, आशुतोष प्रधान, तीर्थो प्रधान, जगन्नाथ प्रधान, हेमसागर प्रधान, वशिष्ठ प्रधान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

