सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के पठानमारा के पास रविवार दोपहर करीब 2 बजे एक मालवाहक ऑटो में अचानक आग लग गई, जिससे ऑटो पर रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. घटना के समय चालक समय रहते ऑटो से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई और वह सुरक्षित रहा.

मिली जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल के पास रहने वाले बबन सिंह अपने मालवाहक ऑटो में पेंट और तारपीन के गैलन लेकर चाईबासा डिलीवरी के लिए जा रहे थे. इसी दौरान पठानमारा के समीप अचानक ऑटो में आग लग गई. ऑटो पर लदे तारपीन की वजह से आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी.
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी. सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने अग्निशमन विभाग को खबर दी और अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे. दमकल विभाग और पुलिस कर्मियों ने बालू और मिट्टी की मदद से आग पर काबू पाया.
घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन ऑटो और उसमें रखा मूल्यवान सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है. पुलिस और अग्निशमन विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

