सरायकेला: जिले में पीडीएस डीलरों की मनमानी से गरीब उपभोक्ताओं को उनके अधिकार का खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है. गम्हरिया प्रखंड के बोलाईडीह स्थित पीडीएस डीलर प्रदीप ठाकुर पर आरोप है कि उन्होंने पिछले तीन महीने से कार्डधारियों को पूरा राशन नहीं दिया है. मिली जानकारी के अनुसार जुलाई महीने में केवल 43.44 प्रतिशत, अगस्त में 46 प्रतिशत और सितंबर में अब तक शून्य प्रतिशत खाद्यान्न वितरण हुआ है.

ग्राहकों ने बताया कि जब भी वे दुकान पर जाते हैं, दुकान बंद मिलती है. इस पर जब डीलर से पूछा गया तो उनका कहना था कि ई-पॉस मशीन की समस्या और उनकी खराब तबीयत के कारण शत प्रतिशत वितरण संभव नहीं हो पा रहा है. वहीं उन्होंने यह भी कहा कि बचे हुए अनाज को अगले महीने के कोटे से काट लिया जाता है. इस स्थिति से गरीब उपभोक्ता परेशान हैं और विभागीय उदासीनता पर सवाल उठा रहे हैं. अब बड़ा सवाल यह है कि गरीब उपभोक्ता जाएं तो कहां जाएं और कब उन्हें उनका पूरा हक मिलेगा.

