सरायकेला: डीएसओ के निर्देश पर प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सह सीओ प्रवीण कुमार ने गम्हरिया प्रखंड के बोलाईडीह के पीडीएस डीलर प्रदीप ठाकुर पर राशन कालाबाजारी की जांच के लिए एक कमेटी गठित की है. इस कमेटी में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सुनील चौधरी, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. आनंद और अंचल निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह शामिल हैं. कमेटी जल्द ही जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इंडिया न्यूज़ वायरल ने प्रदीप ठाकुर द्वारा सरकारी अनाज की कालाबाजारी और स्टॉक गड़बड़ी की रिपोर्ट प्रकाशित की थी. आरोप है कि जुलाई में मात्र 43.44 प्रतिशत, अगस्त में 46 प्रतिशत और सितंबर में अब तक 60 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण हुआ, जबकि विभागीय गोदाम से उन्होंने पूरा स्टॉक उठाया था.
उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि दुकान अक्सर बंद रहती है और कई बार राशन कार्ड होने के बावजूद राशन नहीं मिला. डीलर का कहना है कि ई-पॉस मशीन की समस्या और खराब तबीयत के कारण पूरा वितरण नहीं हो पाया.
मालूम हो कि पूर्व जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा ने पहले निरीक्षण किया था और कई गड़बड़ियां पाई थीं, लेकिन बाद में डीलर ने अपनी पहुंच का फायदा उठाकर क्लीन चिट प्राप्त कर ली. सूत्रों का यह भी कहना है कि सितंबर महीने के 40 प्रतिशत राशन की कालाबाजारी हुई और डीलर जांच से बचने के लिए तबीयत खराब होने का बहाना बना रहा था. ग्रामीण और उपभोक्ता अब कमेटी की जांच और विभागीय कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं ताकि उनका हक का राशन समय पर मिल सके.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
