सरायकेला: खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा रविवार को फुटपाथ दुकानदारों के लिए विशेष निःशुल्क खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र एवं हाइजीन किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन आदित्यपुर स्थित जस्ट चिल रेस्टोरेंट के सभागार में किया गया. कार्यक्रम का मुख्य विषय “सर्व सेफ फूड : सुरक्षित भोजन परोसना एवं बेचना” रखा गया.

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य फुटपाथ दुकानदारों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन परोसने के प्रति जागरूक करना और उन्हें बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करना था. इससे रोजगार में वृद्धि, आजीविका में सहयोग, खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता में सुधार, ग्राहकों के बीच विश्वास निर्माण, खाद्य जनित बीमारियों की रोकथाम और नियमों के बेहतर पालन को बढ़ावा देने पर विशेष ज़ोर दिया गया.

इस दौरान दुकानदारों को निःशुल्क सेफ्टी किट जिसमें एप्रन, कैप, ग्लव्स, साबुन, तौलिया, डस्टर और हेडगियर शामिल थे, प्रदान किए गए. साथ ही FoSTaC ट्रेनिंग सर्टिफिकेट, गोल्डन रूल्स बुकलेट और नेस्ले एवं नासवी का संयुक्त प्रमाण पत्र भी वितरित किया गया.
कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं क्योंकि यह दुकानदारों की आजीविका के साथ-साथ ग्राहकों के स्वास्थ्य की भी रक्षा करते हैं. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विक्रेता प्रशिक्षण में बताए गए नियमों का पालन करें और खाने में औद्योगिक रंग का इस्तेमाल नहीं करें. साथ ही अखबार में खाना नहीं परोसने की अपील भी की.
FoSTaC ट्रेनर विशाल आनंद ने उदाहरणों और डेमो के माध्यम से सरल भाषा में प्रशिक्षण दिया. दुकानदारों को व्यक्तिगत स्वच्छता, दुकान और ठेले की सफाई, भंडारण और तापमान प्रबंधन, खाद्य सामग्री का सुरक्षित उपयोग, बर्तन व उपकरण की सफाई, सुरक्षित पेयजल, कीटाणु रोकथाम और नियमित प्रशिक्षण जैसी सात महत्वपूर्ण बातें सिखाई गईं.
इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006, खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियम 2011 और उनके अंतर्गत बने उन नियमों की भी जानकारी दी गई, जो फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं पर लागू होते हैं. प्रशिक्षण में 100 से अधिक महिला एवं पुरुष स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने भाग लिया. यह निःशुल्क प्रशिक्षण स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के आदेश से नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया द्वारा नेस्ले के सहयोग से आयोजित किया गया है. यह प्रशिक्षण अगले दिन भी जारी रहेगा, जिसमें कुल 200 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा.

