सरायकेला/ Pramod Singh जिले में लगातार हो रही बारिश और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से बढ़े जलप्रवाह के कारण स्वर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है. वहीं गाजिया बैराज का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है. प्रशासन ने तटीय और निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है.

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 123.36 मीटर, खरकई नदी का जलस्तर 134.90 मीटर और गाजिया बैराज का जलस्तर 140.5 मीटर दर्ज किया गया है. ये सभी स्तर संबंधित चेतावनी सीमा से ऊपर हैं. स्थिति को गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है. आपदा प्रबंधन इकाई और प्रशासनिक टीमें संभावित प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. राहत, बचाव और पुनर्वास के सभी इंतजामों की तैयारी पूरी कर ली गई है.
प्रशासन की अपील
नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी रखें. नदी के समीप जाने से बचें. बच्चों को जलधाराओं से दूर रखें. आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष या निकटवर्ती प्रशासनिक कार्यालय से तुरंत संपर्क करें.

