सरायकेला: रायरंगपुर सिंचाई प्रमंडल, रायरंगपुर द्वारा सूचना दी गई है कि आईएमडी के मौसम पूर्वानुमान तथा जलग्रहण क्षेत्र में हुई वर्षा एवं अंतर्वर्ती क्षेत्र में बैकवाटर के कारण जलाशयों से पानी छोड़े जाने की संभावना बनी हुई है. इसे ध्यान में रखते हुए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के सभी पदाधिकारियों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि खरकई और स्वर्णरेखा नदी तथा चांडिल डैम के निचले क्षेत्रों में मानव जीवन और अन्य सुविधाओं पर प्रतिकूल प्रभाव रोकने हेतु आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित करें. साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में चौकसी बनाए रखें.
प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, ग्रामीण विकास विभाग, भवन निर्माण विभाग, पथ निर्माण विभाग, विशेष प्रमंडल, विद्युत आपूर्ति विभाग और नगर परिषद/ नगर पंचायत को संभावित बाढ़ की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही विद्युत और जलापूर्ति व्यवस्था नियंत्रित करने सहित राहत एवं बचाव की सभी तैयारियां करने को कहा गया है.
जिला उद्यान पदाधिकारी और कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि किसानों को समय पर जानकारी देकर फसल और बागान की सुरक्षा हेतु आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक करें. वहीं चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी और चांडिल नगर परिषद को जलाशयों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में नदी और डैम के निचले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए रखने का आदेश दिया गया है.
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि आम जनता को समय पर सूचना दी जाए और सोशल मीडिया व प्रेस के माध्यम से व्यापक प्रचार- प्रसार किया जाए. सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहें. आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं के साथ मोबाइल मेडिकल यूनिट और एम्बुलेंस को भी अलर्ट मोड पर रखा जाए.
अपर उपायुक्त को निर्देश दिया गया है कि सभी विभागों के साथ निरंतर संपर्क और समन्वय स्थापित करें तथा किसी भी संभावित घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें. साथ ही सरायकेला और चांडिल अनुमंडल पदाधिकारियों को जलस्तर पर सतत निगरानी, 24×7 नियंत्रण कक्ष की सक्रियता और आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि संभावित आपदा की स्थिति में प्रत्येक विभाग एवं पदाधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई है और सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहना अनिवार्य है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
