सरायकेला: डीसी नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है. मंगलवार को अधीक्षक उत्पाद सौरभ तिवारी के निर्देशन में नीमडीह थाना क्षेत्र के बाडेदा, डुमरहीह और सम्मानपुर गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया.

छापेमारी के दौरान गांवों में संचालित कुल पांच अवैध शराब अड्डों का उद्भेदन किया गया. कार्रवाई के क्रम में मौके से लगभग 1700 किलोग्राम जावा महुआ को विधिवत रूप से विनष्ट किया गया. इसके साथ ही 100 लीटर अवैध चुलाई शराब भी जब्त की गई है. इस मामले में संबंधित अवैध शराब अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
हालांकि छापेमारी के दौरान सभी आरोपी मौके से फरार पाए गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है. इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.

