सरायकेला: उपायुक्त के निर्देश पर तथा उत्पाद अधीक्षक के मार्गदर्शन में मंगलवार को खरसावां थाना क्षेत्र के ग्राम रीडिंग में उत्पाद विभाग ने छापामारी अभियान चलाया.

इस कार्रवाई के दौरान तीन अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त किया गया. साथ ही लगभग 1000 किलोग्राम जावा को नष्ट किया गया और 25 लीटर तैयार महुआ चुलाई शराब जब्त की गई. विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध भट्टी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद दर्ज किया जाएगा.

उत्पाद अधीक्षक सरायकेला ने कहा कि आगामी पर्वों को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब निर्माण और बिक्री की रोकथाम के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाए जाएंगे. साथ ही आवश्यकतानुसार कड़े कानूनी प्रावधानों का पालन भी सुनिश्चित कराया जाएगा.

छापामारी दल में अखिलेश कुमार, अवर निरीक्षक, उत्पाद सरायकेला अंचल, सौदागर पंडित, सहायक अवर निरीक्षक, उत्पाद चांडिल अंचल, बरियार हेंब्रम, गृह रक्षक बल, रंजीत कुमार, गृह रक्षक बल समेत अन्य जवान शामिल थे.

