सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के कोर्ट मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को उत्पाद विभाग के एक वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. आरोप है कि हादसे के बाद वाहन में सवार विभाग के बड़ा बाबू ने घायल की मदद करने के बजाय उसे ही दोषी ठहराते हुए डांट-फटकार और धमकी दी. मीडिया कर्मियों के मौके पर पहुंचते ही अधिकारी वाहन लेकर वहां से निकल गए.

जानकारी के अनुसार इंद्रटांडी निवासी प्रदीप प्रधान अपनी बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप में प्रवेश कर रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे JH 05 CA 2861 नंबर के उत्पाद विभाग के वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर से प्रदीप प्रधान घायल हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे. इसी बीच वाहन से उतरे बड़ा बाबू ने घायल को अस्पताल पहुंचाने या प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने के बजाय उसे ही लापरवाही का जिम्मेदार बताते हुए फटकार लगाई. इससे मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई.
बताया जा रहा है कि जिस वाहन से टक्कर हुई, उसके आगे “उत्पाद विभाग” की जगह “पुलिस” लिखा बोर्ड लगा था. इसे लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर उत्पाद विभाग के वाहन पर पुलिस का बोर्ड क्यों लगा था.
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही उत्पाद विभाग का एक कांस्टेबल सड़क हादसे में घायल मिला था, जिसे आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 30 के पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी ने मानवीय पहल करते हुए अस्पताल पहुंचाया था. ऐसे में ताजा घटना ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है.

