सरायकेला/ Pramod Singh भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुमित चौधरी ने गुरुवार को बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से मुलाकात कर नगर पंचायत क्षेत्र के गुटुसाईं मोहल्ले में लंबे समय से चली आ रही समस्या पर चर्चा की. मुख्य शिकायत तालाब के ऊपर से गुजरते 11000 वोल्ट और 33000 वोल्ट के नंगे विद्युत तारों को लेकर थी, जो क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर खतरे का कारण बन रहे हैं.

सुमित चौधरी ने बताया कि उक्त तालाब पूरे मोहल्ले के लिए स्नान और पेयजल का एकमात्र स्रोत है. तालाब के ऊपर से गुजरते तार किसी भी समय दुर्घटना को जन्म दे सकते हैं. उन्होंने कहा कि पूर्व में न्यायालय के आदेश के अनुसार ऐसे नंगे तारों को अन्यत्र शिफ्ट करने या सुरक्षा के लिए जाली लगाना अनिवार्य है, लेकिन सरायकेला शहरी क्षेत्र में अभी तक किसी प्रकार की सावधानी नहीं बरती गई है. भाजपा नेता ने बिजली विभाग से जल्द समस्या का समाधान करने और तारों को सुरक्षित बनाने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे या दुर्घटना को रोका जा सके.

