सरायकेला: जिले के ग्रामीण इलाकों में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं. विदित हो कि जिले में पिछले तीन दिनों से हो रहे बारिश से एक ओर जहां जनजीवन अस्त- व्यस्त हो चला है वहीं बारिश ने बिजली विभाग की भी पोल खोल दी है. जिले के सभी नौ प्रखंडों और तीनों निकायों में लचर विद्युत आपूर्ति से जनजीवन बेहाल है. कहीं- कहीं तो 48 घंटे से बिजली गायब है. कहीं उपभोक्ता बिजली की आंख मिचौली से परेशान हैं.

नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह विभाग की नौटंकी है. उन्होंने कहा कि भारी बारिश से पहले ही जनजीवन बेहाल है, और अब बिजली कटौती की समस्या से सभी वर्ग के लोग परेशान हैं. श्री चौधरी ने बिजली कटौती की समस्या के निराकरण के लिए सरायकेला गुड़ियाडीह स्थित पावर हाउस पहुंचकर जानकारी ली और कार्यपालक अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता चाईबासा से बात की. उन्होंने कहा कि अगर एक घंटे के अंदर बिजली बहाल नहीं होती है, तो पावर हाउस में सामूहिक तालाबंदी की जाएगी. नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बिजली विभाग से बिजली कटौती की समस्या का जल्द निराकरण करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि अगर समस्या का निराकरण नहीं होता है, तो लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे.

