सरायकेला: नगर पालिका आम निर्वाचन- 2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने काशी साहू महाविद्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया. उपायुक्त ने महाविद्यालय परिसर में प्रस्तावित डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र के लिए चिन्हित स्थलों का अवलोकन किया.

इस दौरान पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पार्किंग सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की प्रगति पर चर्चा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के क्रम में निर्वाचन सामग्रियों के संग्रहण स्थल का भी जायजा लिया गया. उपायुक्त ने पैकेजिंग प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक पैकेट में निर्धारित सूची के अनुसार सभी आवश्यक सामग्रियां अनिवार्य रूप से शामिल की जाएं. उन्होंने पैकिंग के बाद प्रत्येक पैकेट की सूक्ष्म जांच सुनिश्चित करने को कहा ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना शेष न रहे.
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका आम निर्वाचन का संचालन निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराया जाएगा और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा. मौके पर निदेशक DRDA अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, उप निबंधक तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

