सरायकेला/ Pramod Singh प्रखंड संसाधन केंद्र सरायकेला में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने बुधवार को “एक पेड़ मां के नाम 2.O” कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने बीआरसी परिसर में पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

डीईओ ने कहा कि पेड़- पौधों के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है. आधुनिकता के इस दौर में जिस तेजी से मानव सभ्यता विकास कर रही है, उतनी ही तेजी से पेड़ों की कटाई भी हो रही है. उन्होंने बताया कि झारखंड में एक समय 40 प्रतिशत क्षेत्र वन से आच्छादित था, जो अब घटकर 29 प्रतिशत रह गया है. जबकि मानक के अनुसार धरती के एक तिहाई हिस्से पर वन होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार प्रयासरत है. इसी क्रम में “एक पेड़ मां के नाम 2.O” कार्यक्रम झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत सभी विद्यालयों में चलाया जा रहा है. इसकी शुरुआत बीआरसी सरायकेला से की गई है. डीईओ ने कहा कि हर इंसान को चाहिए कि वह एक वृक्ष लगाकर उसे अपनी मां के नाम समर्पित करे.
पौधारोपण कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपात, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सांत्वना जेना, प्रखंड साधन सेवी गौतम कुमार समेत बरसी के अन्य कर्मियों ने भी पौधारोपण किया. मौके पर शिक्षक कौशिक दत्ता और विमल डोगरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे.

