सरायकेला: जिले के राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय खरसावां के संस्कृत शिक्षक विश्व रंजन त्रिपाठी को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2025 के जेपी नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान लोक नायक जय प्रकाश अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विकास केंद्र की ओर से प्रदान किया जा रहा है.

विश्व रंजन त्रिपाठी को 21 दिसंबर को नई दिल्ली स्थित राजघाट के गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के सत्याग्रह मंडप में आयोजित समारोह में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया जाएगा. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम माझी, संस्थान के अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री ब्रज किशोर त्रिपाठी, हर्षवर्द्धन, सुनील शास्त्री, विजय गोयल सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे.
श्रद्धा, समर्पण और सेवाभावना के साथ संस्कृत भाषा के प्रचार- प्रसार एवं विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि विकसित करने के लिए किए गए गौरवमय प्रयासों के कारण विश्व रंजन त्रिपाठी का चयन इस सम्मान के लिए किया गया है. शिक्षा के क्षेत्र में उनके सतत और प्रेरणादायक योगदान को देखते हुए उन्हें यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मान प्रदान किया जा रहा है.
जेपी नेशनल अवार्ड देश के उन व्यक्तियों और संस्थाओं को दिया जाता है, जिन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर उल्लेखनीय योगदान दिया हो. पुरस्कार चयन के लिए देशभर से नामांकित व्यक्तियों में से विभिन्न क्षेत्रों के सम्मानित विशेषज्ञ पैनल द्वारा चयन किया गया है.
सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए संस्कृत शिक्षक विश्व रंजन त्रिपाठी नई दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं. उनके सम्मान से जिले सहित पूरे शिक्षा जगत में खुशी और गर्व का माहौल है.

