सरायकेला/ Pramod Singh कुमार विजय प्रताप सिंह देव मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय सरायकेला में मंगलवार को अभिभावक- शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सरायकेला विधायक चंपई सोरेन के विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य उपस्थित रहे.

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत और स्वागत नृत्य से हुई. इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का स्वागत किया.
बैठक को संबोधित करते हुए सानंद आचार्य ने अभिभावकों से विस्तारपूर्वक चर्चा की और बच्चों के समय नियोजन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि बच्चों के शैक्षणिक विकास के लिए अभिभावक–शिक्षक बैठक में सभी अभिभावकों की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए.

इस अवसर पर विद्यालय के विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार ने बच्चों के शैक्षणिक परिणामों में सुधार को लेकर विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी अभिभावकों को दी.
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद एवं कालीचरण ने भी अभिभावकों से विद्यालय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का अनुरोध किया. कार्यक्रम के अंत में श्री शिवपद महतो ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. बैठक में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे.

