सरायकेला: समाहरणालय सभाकक्ष में गुरुवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO), प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO), संकुल संसाधन व्यक्ति (CRP), प्रखंड संसाधन व्यक्ति (BRP) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की कक्षा उपस्थिति बढ़ाने, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (FLN) मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और समयबद्ध अध्यापन कार्य पर विशेष बल दिया गया. उपायुक्त ने बिना सूचना के लगातार अनुपस्थित शिक्षकों एवं कर्मियों की सूची तैयार कर विभागीय दिशा- निर्देशों के अनुरूप निलंबन एवं बर्खास्तगी की प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में रोस्टरवार स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएं तथा छूटे हुए शत-प्रतिशत बच्चों का आधार नामांकन एवं जन्म प्रमाण पत्र निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए. जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम पाई जा रही है, वहां जनसंपर्क अभियान चलाकर अभिभावकों एवं ग्रामीणों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया. इस कार्य में स्थानीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग लेने को कहा गया.
उपायुक्त ने सभी BEEO, BRP एवं CRP को नामित विद्यालयों का नियमित भ्रमण कर शिक्षण गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की समीक्षा करने तथा विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने का निर्देश दिया. बैठक में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर ऑनलाइन उपस्थिति, आवासीय विद्यालयों में नामांकन, समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संरचनात्मक सुविधाओं, निर्माण एवं मरम्मति कार्यों तथा खेल गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई.
सवित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से छूटी किशोरियों को जोड़ने हेतु आवेदन शीघ्र प्रेषित करने का निर्देश दिया गया, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर लाभ मिल सके. उत्क्रमित मध्य विद्यालय चक्रधरपुर (राजनगर) के जर्जर भवन के संबंध में बच्चों को वैकल्पिक भवन में स्थानांतरित कर शिक्षण कार्य संचालित करने तथा मरम्मति एवं अतिरिक्त कक्षा निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया.
सभी विद्यालयों में फोलिक एसिड एवं आयरन टैबलेट वितरण से संबंधित डाटा समय पर पोर्टल पर प्रविष्ट करने को कहा गया. कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ड्रेस मद की राशि आवंटन प्राप्त होते ही DBT के माध्यम से खातों में भेजने का निर्देश दिया गया. जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित अस्वीकृत आवेदनों को सुधार कर पुनः अग्रसारित करने तथा शत-प्रतिशत बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र सुनिश्चित करने को कहा गया.
उपायुक्त ने कहा कि नगरपालिका आम निर्वाचन- 2026 के बाद प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में प्रतिनियुक्त शिक्षक अपने मूल दायित्वों में वापस योगदान देना सुनिश्चित करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता और योजनाओं का समय पर लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

