सरायकेला/ Pramod Singh महाअष्टमी के अवसर पर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने सरायकेला शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया और विधि- व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ सरायकेला एसडीओ निवेदिता नियति, सीओ हिम्मतलाल महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी यस्मिता सिंह और थाना प्रभारी विनय कुमार भी मौजूद थे. सभी अधिकारियों ने मिलकर पूजा पंडालों का दौरा किया और तैयारियों की जानकारी ली.
इसके बाद उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने सरकारी दुर्गा पूजा पंडाल में पूजा- अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख- शांति और समृद्धि की मंगलकामना की. उन्होंने विशेष अनुष्ठान कर मां दुर्गा से जिले में शांति बनाए रखने की प्रार्थना भी की.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व पर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना अति आवश्यक है और प्रशासन पूरी तरह से तैयार है.

