सरायकेला: सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग की ओर से विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना वसूला गया.

जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत तीतीरबिल्ला पुल के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान विभिन्न प्रकार के वाहनों की सघन जांच की गई.
जांच के क्रम में मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 2,37,500 रुपये की दंडात्मक राशि वसूली गई.
अभियान के दौरान विशेष रूप से भारी मालवाहक वाहनों के चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस (हैवी ड्राइविंग लाइसेंस) सहित अन्य आवश्यक कागजातों की जांच की गई. साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया गया.
जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग तथा बिना वैध कागजात के वाहन परिचालन नहीं करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे. इस दौरान अभियान में जिला परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी और सड़क सुरक्षा से जुड़े सदस्य भी मौजूद रहे.

