सरायकेला/ Pramod Singh जिला स्तरीय सुब्रतो कप प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन किया गया. दो दिवसीय प्रतियोगित का आयोजन सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में किया गया था. प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य रूप से जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा एवं जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव सिकंदर महतो उपस्थित थे.

प्रतियोगिता में विजेता रही टीम को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता के दूसरे दिन लिटिल चैंप्स का फाइनल मुकाबला सरायकेला प्रखंड और गम्हरिया प्रखंड के बीच खेला गया. जिसमे सरायकेला की टीम ने अपने उम्दा खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया. वहीं अंडर 15 के बालक वर्ग की प्रतियोगिता में खरसावां ने सरायकेला को मात दिया जबकि अंडर 17 के बालक वर्ग की प्रतियोगिता में कुचाई ने सरायकेला को हराकर जिला का विजेता बना. डीईओ ने कहा कि बच्चों के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद भी जरूरी है. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को खेल भावना से खेलने की बात कही. जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव सिकंदर महतो ने भी खिलाड़ियों को उनके खेल को और प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सांत्वना जेना सहित कई शिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद थे.

