सरायकेला: गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.

उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सुनिश्चित करें और सभी योजनाओं से संबंधित कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराएं. अंचल अधिकारी प्रत्येक माह न्यूनतम 1 से 2 हल्कों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएं तथा आमजन को राजस्व कार्यों के लिए अनावश्यक कार्यालय चक्कर से बचाने की व्यवस्था करें. किसी भी स्तर पर कर्मचारियों की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में विभिन्न विभागों को लक्ष्यानुसार कार्य करने हेतु दिशा- निर्देश दिए गए, जिनमें शामिल हैं— जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार- प्रसार, राशन कार्ड एवं आयुष्मान भारत योजना से लाभुकों का जुड़ाव, स्वरोजगार एवं प्रशिक्षण योजनाओं के माध्यम से लोगों का सशक्तिकरण, किसान समृद्धि योजना का समय पर क्रियान्वयन, बीज एवं सहायक उपकरण वितरण, डीएमएफ निधि से निर्माण कार्यों का मार्च 2026 तक पूर्ण होना, स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं का सुनिश्चित होना, और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों एवं चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना.
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आगामी दुर्गा पूजा को सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने, पंडालों का पूर्व निरीक्षण करने और सुरक्षा, यातायात तथा पार्किंग व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को कोई असुविधा न हो और त्यौहार शांति एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो.
बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
