सरायकेला: उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत, उप विकास आयुक्त सह परियोजना निदेशक आईटीडीए रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सरायकेला व चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी तथा जिले के सभी अंचलाधिकारी मौजूद रहे.

बैठक के दौरान अपर उपायुक्त द्वारा जिले में विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों की जानकारी प्रस्तुत की गई. बताया गया कि सड़क दुर्घटना से जुड़े 20 मामले, पानी में डूबने से संबंधित 4 मामले, अतिवृष्टि से जुड़े 126 मामले, अतिवृष्टि से 3 मौत, सर्पदंश से 1 मौत तथा वज्रपात से 2 मौत के मामलों सहित कई आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न हैं.
मामलों पर बिंदुवार चर्चा के बाद उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत पात्र मामलों का सत्यापन कर मृतकों के आश्रितों और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुग्रह अनुदान राशि प्रदान की जाए. उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों और अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा प्रबंधन से जुड़े लंबित मामलों की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर सत्यापन के बाद जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए.
उपायुक्त ने यह भी कहा कि प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरी की जाए. यदि किसी आवेदन में आवश्यक दस्तावेजों की कमी हो तो संबंधित आवेदकों को सहयोग कर दस्तावेज पूर्ण कराया जाए, ताकि पात्र परिवारों को अधिकतम एक माह के भीतर सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके.
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि आपदा प्रबंधन योजनाओं का पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार- प्रसार किया जाए. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों और विद्यालयों में “आपदा के समय क्या करें और क्या न करें” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सतर्क और जागरूक बनाया जाए.

