सरायकेला: जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में बुधवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने “शिक्षा सेतु डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो” का शुभारंभ फीता काटकर किया. यह व्यवस्था जिले में गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समान शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है.

उपायुक्त ने बताया कि जिले में विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी को देखते हुए स्टूडियो क्लासरूम प्रणाली विकसित की गई है, जिसके माध्यम से शिक्षक केंद्रीय स्टूडियो से ऑनलाइन क्लास संचालित करेंगे और सभी स्कूल दो-तरफा संचार व्यवस्था से जुड़े रहेंगे.

उन्होंने कहा कि इस तकनीक से विद्यार्थी अपने विद्यालय से ही शिक्षक से सीधा संवाद कर सकेंगे और अपने सवालों का तुरंत समाधान पा सकेंगे. यह माध्यम दूरस्थ और संसाधन- विहीन विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभाएगा.
उद्घाटन कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

