सरायकेला: प्रखंड क्षेत्र में रविवार को दो महत्वपूर्ण विकासात्मक कार्यों का शिलान्यास किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी. पंचायत कमलपुर के ग्राम कमलपुर में 750 फीट लंबे नाला निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया. यह नाला जहारुद्दीन के घर से इंदिरा घर तक बनाया जाएगा. इस नाला के निर्माण के बाद बरसात के मौसम में होने वाली जलभराव की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान होगा और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी.

इसके साथ ही दुगनी पुलिस लाइन कैंप के समीप स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जलमीनार निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया. इस योजना के पूरा होने पर आसपास के क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे लोगों को दूर-दराज से पानी लाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी.

दोनों विकास योजनाओं के लिए कुल लगभग 17,50,000 रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है. इन कार्यों का शिलान्यास जिला परिषद अध्यक्ष श्री सोनाराम बोदरा, स्थानीय जिला परिषद सदस्य श्रीमती लक्ष्मी सरदार तथा जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिला परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देती रहेगी.


