सरायकेला: जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु गुरुवार देर शाम उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

बैठक के दौरान उपायुक्त ने संवेदनशील एवं संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान करते हुए वहां निवासरत लोगों को ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने तथा रहने, भोजन एवं स्वास्थ्य से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार तिरपाल एवं खाद्य राहत सामग्री के वितरण हेतु स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए.
विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था.
उपायुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली के खंभों से लटकते तारों को सुरक्षित करने, पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.
नदियों के बढ़ते जलस्तर की निगरानी.
उपायुक्त ने खरकई एवं स्वर्णरेखा नदियों के बढ़ते जलस्तर तथा चांडिल डैम के खोले गए गेटों के कारण संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों की नियमित निगरानी, जनहानि से पूर्ण बचाव हेतु समुचित सुरक्षा एवं राहत उपाय, तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया.
नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय.
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिला एवं प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय रहेंगे तथा सभी पदाधिकारी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करेंगे. साथ ही, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर जलस्तर की सतत निगरानी, माइकिंग तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनसामान्य को सतर्क करने एवं समय रहते उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के भी निर्देश दिए गए. लगातार वर्षा एवं संभावित आपदा की स्थिति में तत्काल सहायता हेतु आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के मोबाईल नम्बर 92045 87147 पर संपर्क करने की अपील की गई हैं.

