सरायकेला/ Pramod Singh उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सरायकेला का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रावास व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की तथा विद्यालय प्रबंधन को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का भ्रमण किया और छात्राओं से संवाद कर अध्ययन-अध्यापन की स्थिति के बारे में जानकारी ली. उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का पूरा लाभ उठाने तथा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी.
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा ही सशक्त भविष्य की आधारशिला है. छात्राओं को अपनी रुचि के अनुसार क्षेत्र का चयन कर परिश्रम के माध्यम से बेहतर करियर की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, छात्रावास, भोजनालय और स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया. उन्होंने विद्यालय की वार्डन और शिक्षकों को निर्देश दिया कि परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखें और छात्राओं के लिए स्वच्छता से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें.
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी छात्राओं को निर्धारित प्रावधानों के तहत शैक्षणिक, स्वास्थ्य और स्वच्छता से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिया जाए.
उपायुक्त ने कहा कि छात्राओं को पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ-साथ खेल-खेल के माध्यम से शिक्षण गतिविधियों से जोड़ा जाए. इससे उनकी सीखने की क्षमता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी. साथ ही खेलकूद, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.
निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

