सरायकेला: जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने समाहरणालय भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 से संबंधित गठित कोषांगों के कार्यों तथा नियमित कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा की गई.

निरीक्षण क्रम में कार्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति, पंजियों और अभिलेखों के संधारण, प्रकाश एवं पंखों की व्यवस्था, पर्दों की स्थिति और समग्र कार्यालयीन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया. उपायुक्त ने सभी कार्यालयों में नियमित साफ- सफाई सुनिश्चित करने, अनावश्यक कचरे के निष्पादन, डस्टबिन की समुचित व्यवस्था, टूटी खिड़कियों की मरम्मति, पर्दों की उचित व्यवस्था तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही पंजियों एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया गया.
समाहरणालय भवन को अधिक आकर्षक एवं सांस्कृतिक स्वरूप देने के उद्देश्य से स्थानीय छऊ कला पर आधारित पेंटिंग कराने का भी निर्देश दिया गया.
निरीक्षण के दौरान समाहरणालय सभागार, परिसर स्थित शौचालयों और भवन की छत का भी जायजा लिया गया. सभी स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक मरम्मति कार्य शीघ्र पूर्ण करने और भवन की संरचनात्मक स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए.
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पंखों की सुचारू कार्यशीलता तथा कर्मियों और आगंतुकों की सुविधा के अनुरूप आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया.
औचक निरीक्षण के दौरान सामान्य शाखा, विधि शाखा, निर्वाचन शाखा, स्थापना शाखा, भू- अर्जन कार्यालय, जिला कल्याण शाखा, जिला समाज कल्याण शाखा, अभिलेखागार, कोषागार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला योजना शाखा, शिक्षा विभाग, सांख्यिकी विभाग, परिवहन विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, निबंधन कार्यालय, विशेष प्रमंडल, नजरात एवं आपूर्ति शाखा, जल छाजन सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया गया.
उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को कार्यालयीन अनुशासन बनाए रखने, निर्वाचन संबंधी दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने तथा नियमित कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार उपस्थित रहे.

