गम्हरिया: उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मंगलवार को गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. जहां उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय के एक- एक विभागों का निरीक्षण करते हुए कुछ त्रुटियां पाई इसके निराकरण को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को ससमय दुरुस्त करने का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने बताया कि जो भी कमियां पाई गई है उसे नोटिस किया गया है जल्द ही उसमें सुधार नजर आएगा. निरीक्षण के क्रम में प्रखंड कार्यालय प्रांगण में लगे हाई मास्ट लाइट, नवनिर्मित गोदाम, अनाज गोदाम आदि, सीडीपीओ कार्यालय आदि का निरीक्षण किया. उन्होंने सीडीपीओ कक्ष के रखरखाव पर संतुष्टि जताई. निरीक्षण के क्रम में प्रखंड के सभी कर्मी अपने अपने कार्यों में लगे नजर आए जिनसे उपायुक्त ने पूछताछ की. वहीं शौचालय की अव्यवस्था देख उपायुक्त ने नाराजगी जताई और प्रखंड विकास पदाधिकारी को नियमित रूप से शौचालय और प्रखंड कार्यालय परिसर की साफ- सफाई का निर्देश दिया. मीडिया से बातचीत के क्रम में उपायुक्त ने बताया कि यह एक रूटीन वर्क है. निरीक्षण के क्रम में सरकार की योजनाओं के प्रचार- प्रसार एवं क्रियान्वयन की जानकारी ली गई. उन्होंने बताया कि साफ- सफाई की थोड़ी समस्या नजर आई जिसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है. वहीं प्रखंड परिसर में हुए अतिक्रमण को लेकर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी की अनुपस्थिति में अंचल निरीक्षक से जानकारी प्राप्त कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी दुर्गेश नंदिनी, अंचल निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.

