सरायकेला: जिले में खरीफ विपणन मौसम 2025- 26 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति कार्यों की समीक्षा को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित सभी संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

समीक्षा के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 909 किसानों से कुल 52,504.72 क्विंटल धान की अधिप्राप्ति की जा चुकी है.
जिले में कुल 7,217 सक्रिय किसान पंजीकृत हैं. उपायुक्त ने किसानों को किए जा रहे भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए शेष लंबित भुगतान को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने प्रखंडवार एवं लैम्प्सवार धान अधिप्राप्ति कार्यों की समीक्षा करते हुए किसान पंजीकरण में वृद्धि लाने के लिए सतत निगरानी और नियमित समीक्षा पर जोर दिया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि धान अधिप्राप्ति से जुड़ी सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों की स्पष्ट जवाबदेही तय की जाए.
विभागीय दिशा- निर्देशों के आलोक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर लक्ष्य के अनुरूप धान की खरीद, धान का ससमय उठाव तथा विक्रय के उपरांत किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए.
साथ ही एडवांस सीएमआर जनरेशन और प्राप्ति की प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष बल दिया गया.
उपायुक्त ने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप धान अधिप्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें.
किसानों से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि उनका धान लैम्प्स में सुचारू रूप से विक्रय हो सके और भुगतान में कोई देरी न हो.
इसके अलावा उपायुक्त ने इनेक्टिव किसानों को सक्रिय करने, लैम्प्स से धान का समय पर उठाव सुनिश्चित करने तथा गोदाम क्षमता बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सरकारी भवनों की पहचान कर विभाग को सूची भेजने के निर्देश दिए.
अंत में उपायुक्त ने कहा कि धान अधिप्राप्ति कार्य में किसानों के हित सर्वोपरि हैं और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सभी दिशा- निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए.

