सरायकेला: जिला प्रशासन की पहल पर शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र- छात्राओं के जन्म प्रमाण पत्र निर्गत करने हेतु प्रखंड संसाधन केन्द्र स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई प्रखंडों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है और कई छात्र- छात्राओं के जन्म प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किए गए हैं.

इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित हुई. बैठक में उपायुक्त ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे दो दिनों के भीतर शेष छात्र- छात्राओं के जन्म प्रमाण पत्र निर्गत करना सुनिश्चित करें.
साथ ही उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, बीआरसी और सीआरपी की संयुक्त टीम द्वारा डोर- टू- डोर भ्रमण कर छूटे हुए छात्र- छात्राओं के जन्म प्रमाण पत्र निर्गत कराने हेतु अग्रेतर कार्रवाई की जाए. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

