सरायकेला: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि और कौशल विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई.


बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर डेटा संग्रहण प्रणाली को मजबूत किया जाए और सेवा वितरण की गुणवत्ता बेहतर हो. उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक समय पर पहुँचे, इसके लिए सभी विभाग लक्ष्य आधारित कार्य सुनिश्चित करें. जमीनी स्तर पर निगरानी के लिए नियमित फील्ड विजिट और व्यापक जन- जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी जोर दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक डॉ. अजय तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी, समाज कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.

