सरायकेला/ Pramod Singh समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिले के लिए एक समग्र एवं प्रभावी सिचाई कार्य योजना के निर्माण को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों में सिचाई से जुड़ी वर्तमान स्थिति, जल संसाधनों की उपलब्धता और संभावित जल स्रोतों का वैज्ञानिक उपयोग पर चर्चा की गई.

उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सिंचाई सुविधा को ग्रामीण कृषि आधारित अर्थव्यवस्था से जोड़ते हुए ऐसी कार्य योजना तैयार की जाए, जो जल संरक्षण और जल प्रबंधन के समुचित सिद्धांतों पर आधारित हो. उन्होंने कहा कि योजना निर्माण में स्थानीय आवश्यकताओं, भौगोलिक परिस्थितियों और कृषि चक्र का विशेष ध्यान रखा जाए. उपायुक्त ने कहा कि ऐसे क्षेत्र जहां लिफ्ट इरिगेशन से किसानों की खेत तक सिचाई सुविधा प्रारंभ कर दी गई है, वैसे क्षेत्र के किसानों को धान- गेहूं के अलावा अन्य उपजाऊ फसल, फल और सब्जी की खेती के लिए प्रेरित किया जाए. उन्होंने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है. बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

