सरायकेला/ Prerna Ojha उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय सभागार में शनिवार को कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई.

पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन.
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि कल्याण विभाग की योजनाएं समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इनके प्रभावी कार्यान्वयन में कोई कोताही न बरती जाए.
छात्रवृत्ति और साइकिल वितरण.
बैठक के दौरान प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना से वंचित छात्रों की पहचान कर उन्हें समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. साइकिल वितरण योजना अंतर्गत लंबित वितरण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने की बात कही गई.
आदिम जनजाति बिरसा आवास योजना.
उपायुक्त ने आदिम जनजाति बिरसा आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों की स्थिति की समीक्षा करते हुए लाभुकों से समन्वय स्थापित कर कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि लाभुकों से समन्वय स्थापित कर आवास निर्माण की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं हो यह सुनिश्चित करें. बैठक में आदिवासी सांस्कृतिक कला भवन, धूमकुडिया, जाहेर स्थल, मांझी परगना भवन तथा बहुउद्देश्यीय भवन निर्माण योजना जैसी संरचनात्मक परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जो योजनाएं पूर्णता के निकट हैं, उन्हें शीघ्र अंतिम रूप दिया जाए ताकि उनका सार्वजनिक उपयोग प्रारंभ हो सके.

