सरायकेला: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत एवं अबुआ स्वास्थ्य कार्ड के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सतेन्द्र महतो, सिविल सर्जन डॉ. अजय सिन्हा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी पात्र लाभुक, जो अभी तक स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभ से वंचित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करते हुए पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों के माध्यम से जोड़ा जाए.
बैठक में दिए गए निर्देश
उपायुक्त ने निर्देशित करते हुए कहा सभी प्रखंडों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आवेदन जनरेट कर शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ा जाए. प्रत्येक पंचायत में विशेष दल गठित कर शिविर के माध्यम से वंचित लाभुकों के आवेदन जनरेट किए जाएं. पूर्व में आवेदन कर चुके किन्तु तकनीकी कारणों से कार्ड से वंचित लाभुकों की समस्याओं का समाधान कर कार्ड निर्गत किए जाएं. शिविर स्थलों पर योजनाओं की जानकारी के साथ- साथ आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे.
उपायुक्त का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी इन योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना है. इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें.

