सरायकेला: समाहरणालय सभाकक्ष में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला आजीविका समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, DPM JSLPS, सभी BPM JSLPS एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.


बैठक में स्वयं सहायता समूह (SHG) एवं क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) के सशक्तिकरण, महिलाओं की आय में वृद्धि तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रथम वर्ष के चिन्हित CLF के अंतर्गत SHG से जुड़ी दीदियों की इच्छा एवं क्षमता के अनुरूप राशन एवं किराना दुकान संचालन की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. 25 चिन्हित CLF के लिए जिला स्तर पर किराना सामग्री का गोदाम स्थापित कर खुदरा मूल्य पर सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि दीदियों की आय में वृद्धि हो सके.
खरसावां, चांडिल एवं गम्हरिया क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह की दीदियों को खिलौना निर्माण कार्य में चरणबद्ध प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया.
जिला एवं आंगनबाड़ी स्तर पर प्रशिक्षण के माध्यम से इस गतिविधि को बढ़ावा देने पर बल दिया गया, जिससे अधिक समूहों की आय में वृद्धि हो सके.
उपायुक्त ने SSG एवं CLF के विकास हेतु स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा. आजीविका संवर्धन के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. अधिक से अधिक दीदियों को मुद्रा ऋण योजना से जोड़ने तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत क्लेम सेटलमेंट में प्रगति लाने पर भी जोर दिया गया.
प्रखंड स्तर पर JSLPS अंतर्गत संचालित योजनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा पात्र लाभुकों को शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. विभागीय योजनाओं की जानकारी हेतु पंपलेट तैयार कर ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण करने को कहा गया.
उपायुक्त ने कहा कि महिला सशक्तिकरण एवं आय-सृजन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. सभी विभाग JSLPS के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें.

